JSSC-CGL मामले में CID का बड़ा एक्शन, ASO समीर उर्फ शालू हिरासत में



गिरिडीह : JSSC-CGL भर्ती मामले की जांच कर रही CID ने गुरुवार देर रात बेंगाबाद में कार्रवाई करते हुए ASO समीर उर्फ शालू को हिरासत में लिया। समीर छुट्टी लेकर रांची से बेंगाबाद आया था और रक्षाबंधन के मौके पर बेंगाबाद चौक स्थित अपनी मिठाई की दुकान पर परिवार के साथ मौजूद था। इसी दौरान CID की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए रांची ले गई।


इसके बाद CID की टीम समीर के घर भी पहुंची और तलाशी ली। इस दौरान कुछ मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जांच के लिए लिए गए। समीर को किस आरोप या जांच के किस बिंदु पर हिरासत में लिया गया है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई JSSC-CGL मामले के आरोपी अभय तिवारी की पत्नी और भाई की गिरफ्तारी के बाद मिले सुरागों के आधार पर हुई है। CID मामले में पेपर लीक और कथित धांधली से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।


