मुनीडीह में यूनियन सचिव के तबादले के विरोध में बीसीकेयू का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

धनबाद : बिहार कोलियरी कामगार यूनियन (बीसीकेयू) ने पश्चिमी झरिया क्षेत्र के क्षेत्रीय सचिव पीएन तिवारी का स्थानांतरण रद्द करने समेत 12 सूत्री मांगों को लेकर सोमवार से मुनीडीह स्थित महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। इस दौरान यूनियन समर्थकों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। धरने को संबोधित करते हुए यूनियन के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह भाकपा माले पोलित ब्यूरो सदस्य कामरेड हलधर महतो ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के कारण पीएन तिवारी का तबादला किया गया है। उन्होंने स्थानांतरण तत्काल रद्द करने की मांग की।

यूनियन ने 15 सीम में लॉन्गवाल मशीन से कोयला कटिंग के दौरान ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रभावित ग्रामीणों को 75 प्रतिशत नियोजन देने की मांग उठाई। इसके अलावा कॉलोनियों और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति व बिजली व्यवस्था, कोल वाशरी की स्लरी से बर्बाद हो रही रैयतों की खेती योग्य जमीन के लिए प्रतिवर्ष उचित मुआवजा देने की मांग की गई। ठेका मजदूरों को एचपीसी वेतनमान के अनुसार मजदूरी, मेडिकल सुविधा, सीएमपीएफ का लाभ, समय पर वेतन पर्ची और मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने तथा प्रदूषण पर रोक लगाने की मांग भी शामिल है।
धरने में क्षेत्रीय सचिव पीएन तिवारी, कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व सरपंच पीएन सिंह, मुनिडीह प्रोजेक्ट सचिव सह समशीखरा पंचायत के मुखिया कामरेड चक्रधर महतो, मुन्ना खान, मुकुंद महतो, भगतू प्रसाद महतो, बाबा चरण महतो, दीपक महतो, कार्तिक महतो, धीरेन महतो, रमेश प्रसाद महतो, अरुण कुमार महतो, संगीता तिवारी, माया देवी, मीरा देवी, शारदा देवी, रीता देवी और पायल कुमारी सहित क्षेत्रीय समिति के सदस्य मौजूद थे।


