जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए बलबीर कौर ने किया नामांकन, समर्थकों की भारी भीड़ जुटी


जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को बलबीर कौर ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद रहे। बलबीर कौर ने निर्वाची पदाधिकारी राहुल और आनंद को अपना नामांकन पत्र सौंपा।

नामांकन के मौके पर जुगसलाई के नागरिकों के साथ-साथ सिख समुदाय के कई प्रमुख प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सीजीपीसी के प्रधान भगवान सिंह, सेंट्रल सिख स्त्री सत्संग सभा, नौजवान सभा तथा विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के पदाधिकारियों की भागीदारी देखने को मिली। समर्थकों की बड़ी मौजूदगी से माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया।
इस दौरान बलबीर कौर के पति एवं वरिष्ठ समाजसेवी सरदार शैलेंद्र सिंह का उत्साह खास तौर पर दिखाई दिया। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे पिछले 40 वर्षों से जुगसलाई के नागरिकों के सुख-दुख में साथ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जुगसलाई रेलवे फाटक ओवरब्रिज और अंडरब्रिज, वाटर प्लांट, बिजली सब स्टेशन, फुट ओवरब्रिज, पानी टंकी और स्टेशन रोड जैसे कई विकास कार्यों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने नगर निकायों द्वारा टैक्स बढ़ोतरी के फैसलों पर भी अपनी भूमिका का जिक्र किया।
वहीं, बलबीर कौर ने कहा कि चुनाव जीतने पर जुगसलाई रोड की यातायात समस्या का समाधान, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, 24 घंटे बिजली आपूर्ति और नियमित सफाई को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता के समर्थन से वे क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी।
कार्यक्रम में सीजीपीसी चेयरमैन गुरमीत सिंह, महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला समेत जुगसलाई के सैकड़ों वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे। नामांकन के साथ ही बलबीर कौर ने चुनाव प्रचार को और तेज करने का संकेत दिया है।



