हर विधानसभा क्षेत्र में बनेंगे कम से कम 5 नए पावर सबस्टेशन, लो वोल्टेज से राहत की तैयारी



रांची : झारखंड में लो वोल्टेज और कमजोर बिजली आपूर्ति की समस्या कम करने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने राज्य के हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम पांच नए विद्युत शक्ति उपकेंद्र बनाने का फैसला लिया है। इसके लिए सभी जिलों में जमीन चिह्नित कर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया है। ऊर्जा विकास निगम के सीएमडी के. श्रीनिवासन के अनुसार, उचित वोल्टेज के साथ बिजली पहुंचाने के लिए वितरण नेटवर्क को मजबूत करते हुए नए सबस्टेशन और छोटी दूरी के फीडर विकसित किए जाएंगे।


जेबीवीएनएल के निदेशक (वितरण एवं परियोजना) प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को सभी विद्युत आपूर्ति क्षेत्रों के महाप्रबंधक सह मुख्य अभियंताओं को पत्र भेजकर संबंधित जिलों के उपायुक्तों से जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध करने को कहा है। जमीन चिह्नित करने के बाद इसकी अनुपालन रिपोर्ट मुख्यालय भेजने का भी निर्देश दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 किलोमीटर के दायरे में 33/11 केवी के नए सबस्टेशन की जरूरत बताई गई है, ताकि लंबी दूरी के फीडरों पर निर्भरता कम हो सके।
नए सबस्टेशन उपभोक्ताओं के करीब बनने से खासकर ग्रामीण इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या कम करने, बिजली की गुणवत्ता बेहतर करने और मौजूदा नेटवर्क पर दबाव घटाने में मदद मिल सकती है। तकनीकी समस्या की स्थिति में दूसरे स्रोत से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था करने की गुंजाइश भी बढ़ेगी। हालांकि नए सबस्टेशन कब तक तैयार होंगे, यह जमीन की उपलब्धता और आगे की परियोजना प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।


