अपहरण-दुष्कर्म मामले में अंशु कुमार को उम्रकैद, 60 हजार रुपए जुर्माना

रांची : अपहरण, दुष्कर्म और युवती की आत्महत्या से जुड़े मामले में अदालत ने अंशु कुमार को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। अपर न्यायायुक्त-2 श्याम नंदन तिवारी की अदालत ने अलग-अलग धाराओं के तहत उस पर कुल 60 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। प्राथमिकी के अनुसार, 18 वर्षीय स्कूली छात्रा के लापता होने के बाद उसकी मां ने बरियातू थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच के दौरान छात्रा को हजारीबाग से बरामद किया था।


जांच में सामने आया कि अंशु कुमार छात्रा को बहला-फुसलाकर हजारीबाग ले गया था, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने युवती को उसके कब्जे से छुड़ाया था। मामले के अनुसार, आरोपी के कब्जे से मुक्त कराए जाने के बाद युवती ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए अभियुक्त के खिलाफ कार्रवाई की।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक सिद्धार्थ सिंह ने अदालत में पक्ष रखा। अभियोजन की ओर से सात गवाहों की गवाही दर्ज कराई गई। गवाहों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने अंशु कुमार को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई और अलग-अलग धाराओं में कुल 60 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।


