पेपर लीक पर बवाल के बीच PM मोदी का बड़ा ऐलान, दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा

नई दिल्ली : पेपर लीक विवाद और चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है और आगे भी किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पेपर लीक को “घोर पाप” बताते हुए कहा कि यह किसी दल की नहीं बल्कि राष्ट्रीय हित की चिंता का विषय है, इसलिए केंद्र और सभी राज्य सरकारों को मिलकर इस समस्या का समाधान करना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने एनडीए सांसदों की बैठक में कहा कि पेपर लीक की जानकारी सामने आते ही सरकार ने तुरंत कदम उठाए, 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया और छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो, इसके लिए NEET की दोबारा परीक्षा समय पर कराई गई तथा परिणाम भी बिना देरी घोषित किए गए। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त उपाय किए गए हैं और दोषियों को देश के शीर्ष वकीलों की मदद से कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। यह बयान ऐसे समय आया है जब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी हैं।


