टाटा स्टील में ₹315 करोड़ बोनस पर समझौता, 25,603 कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

जमशेदपुर : टाटा स्टील कर्मचारियों के वार्षिक बोनस को लेकर प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच गुरुवार को अंतिम समझौता हो गया। दोनों पक्षों के बीच 315 करोड़ रुपये के बोनस पर सहमति बनी। समझौते पर टाटा स्टील के एमडी सह सीईओ टीवी नरेंद्रन और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी ‘टुन्नू’ समेत दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए। पिछले साल बोनस के तौर पर 303.12 करोड़ रुपये दिए गए थे। इस बार कुल बोनस राशि में करीब 11.88 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।


बोनस की राशि सभी कर्मचारियों के लिए समान नहीं होगी और इसे संबंधित ग्रेड तथा तय मानकों के आधार पर निर्धारित किया जाएगा। ओल्ड सीरीज के कर्मचारियों को अधिकतम 4,52,512 रुपये तक बोनस मिलेगा। वहीं एनएस ग्रेड में अधिकतम बोनस 1,28,448 रुपये तय किया गया है, जबकि इसी ग्रेड में न्यूनतम बोनस राशि 39,016 रुपये होगी।
इस बोनस समझौते का लाभ टाटा स्टील से जुड़ी अलग-अलग इकाइयों के कुल 25,603 कर्मचारियों को मिलेगा। इनमें जमशेदपुर प्लांट के 11,021 कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा टिनप्लेट, तार कंपनी और टाटा स्टील कलिंगानगर के कर्मचारियों को भी बोनस मिलेगा। टिस्को ग्रोथ शॉप, माइंस और कोलियरी समेत टाटा स्टील से जुड़ी अन्य इकाइयों के कर्मचारी भी समझौते के दायरे में आएंगे।


