बालू स्टॉक यार्ड पर प्रशासन का छापा, जांच शुरू होने से मचा हड़कंप



चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध बालू भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर सोमवार को चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) नितिन कुमार ने चौका थाना क्षेत्र के चांदूडीह स्थित दो लाइसेंसी बालू स्टॉक यार्डों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस दौरान चौका थाना पुलिस भी मौजूद रही।निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने दोनों स्टॉक यार्डों के लाइसेंस, विभिन्न विभागों की एनओसी, वन भूमि से निर्धारित दूरी, बालू भंडारण क्षमता और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी अभिलेख तत्काल उपलब्ध कराने और उनकी विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। अंचलाधिकारी को भी रिकॉर्ड का सत्यापन कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया।एसडीओ नितिन कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से स्टॉक यार्डों में संभावित अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद उपायुक्त के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के दिशा-निर्देशों के अनुसार अवैध खनन, भंडारण और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन सख्त है। सूत्रों के अनुसार, गुप्ता एंड संस और महेश्वर हेम्ब्रम के लाइसेंसी बालू स्टॉक यार्डों की जांच की गई है। दस्तावेजों की जांच के बाद यदि कोई अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




