आदित्यपुर नगर निगम चुनाव 2026: वार्ड 17 में बिरेंद्र कुमार सिंह यादव का विज़न, ‘साइकिल पंप’ के साथ विकास का खाका

0
Advertisements
Advertisements

Jamshedpur : आदित्यपुर नगर निगम चुनाव 2026 के तहत वार्ड संख्या 17 में पार्षद पद के लिए मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। उम्मीदवार बिरेंद्र कुमार सिंह यादव ‘साइकिल पंप’ चुनाव चिन्ह (क्रम संख्या 5) के साथ मैदान में हैं। उन्होंने घर-घर संपर्क अभियान तेज करते हुए अपना विस्तृत संकल्प पत्र जारी किया है, जिसमें वार्ड के समग्र विकास का रोडमैप पेश किया गया है।

अपने घोषणा-पत्र में उन्होंने वार्ड कार्यालय की स्थापना कर स्थानीय स्तर पर समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था करने की बात कही है। साथ ही हेल्पलाइन एवं शिकायत ट्रैकिंग सिस्टम लागू कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने का वादा किया है, ताकि हर शिकायत की निगरानी और समयबद्ध निस्तारण हो सके।

बिरेंद्र कुमार सिंह यादव ने पेयजल संकट को वार्ड की प्रमुख समस्या बताते हुए स्थायी समाधान का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार बोरिंग, पाइपलाइन विस्तार और जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। जर्जर सड़कों, नालियों और स्ट्रीट लाइट की मरम्मत व नए निर्माण को प्राथमिकता में रखा गया है। सुरक्षा के लिहाज से प्रमुख स्थानों पर CCTV कैमरे लगाने की योजना भी उनके एजेंडे में शामिल है।

इसके अतिरिक्त उन्होंने सामुदायिक भवन निर्माण, सार्वजनिक स्वास्थ्य उपकेंद्र (मोहल्ला क्लीनिक) की स्थापना, बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्लूइस गेट निर्माण तथा नियमित साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने का भरोसा दिलाया है। जरूरतमंद परिवारों को राशन कार्ड, पेंशन, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय सहयोग देने की बात भी कही है।

उन्होंने कहा कि वार्ड 17 में पारदर्शी, जवाबदेह और जनसहभागिता आधारित विकास मॉडल को लागू किया जाएगा। 23 फरवरी 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक सेंट्रल पब्लिक स्कूल में मतदान होगा। बिरेंद्र कुमार सिंह यादव ने मतदाताओं से क्रम संख्या 5 पर ‘साइकिल पंप’ निशान पर मुहर लगाकर उन्हें विजयी बनाने की अपील की है।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

Thanks for your Feedback!

You may have missed