अदाणी सीमेंट ने एसबीयू के साथ किया करार






Jharkhand : अदाणी सीमेंट फ्यूचरएक्स ने सरला बिरला विश्वविद्यालय के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की है। इस संदर्भ में विवि परिसर में हुए करार पर अदाणी सीमेंट की ओर से अदाणी ग्रुप (सीमेंट बिजनेस) के सीईओ श्री विनोद बहेटी एवं एसबीयू की ओर से विवि के माननीय कुलपति प्रो सी जगनाथन ने हस्ताक्षर किया। साझेदारी से संबंधित समझौता पत्र तैयार करने में आईआईसी प्रेसिडेंट प्रो संदीप कुमार और अदाणी सीमेंट के ईस्टर्न इंडिया प्रमुख श्री कौशिक चटर्जी की अहम भूमिका रही। इस अवसर पर कंपनी के अधिकारीगण एवं एसबीयू के रजिस्ट्रार प्रो श्रीधर डांडिन समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षाकेत्तर कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
शिक्षा और उद्योग जगत को जोड़ने की कवायद के तहत हुए इस करार का उद्देश्य विवि के छात्रों को बेहतर औद्योगिक सान्निध्य प्रदान करना है, जिससे उन्हें पढ़ाई के साथ ही व्यापक अनुभव भी हासिल हो सके। साथ ही इससे विद्यार्थियों को निर्माण क्षेत्र में अपने हुनर को आजमाने का अवसर भी मिल सकेगा।
सीमेंट जगत में विश्व की नौंवीं और भारत की दूसरी सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी अदाणी सीमेंट से साझेदारी के तहत विश्वविद्यालय के छात्रों और शिक्षकों को उद्योग से जुड़ा मार्गदर्शन, तकनीकी जानकारी, इंटर्नशिप, नेतृत्व विकास कार्यक्रम और शोध के भी अवसर हासिल हो सकेंगे। इस अवसर पर प्रो जगनाथन ने अपने संबोधन में इस महत्वपूर्ण करार से विद्यार्थियों को होनेवाले लाभ पर विशेष तौर पर चर्चा की।
एसबीयू के माननीय प्रतिकुलाधिपति श्री बिजय कुमार दलान, माननीय महानिदेशक प्रो गोपाल पाठक एवं माननीय राज्यसभा सांसद डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने अदाणी सीमेंट के साथ एसबीयू के करार पर हर्ष व्यक्त किया है।




