8 लाख रुपये विवाद में धमकी देने का आरोप, दो महीने से सोनारी थाना का चक्कर लगा रहे पीड़ित…

0
Advertisements
Advertisements

जमशेदपुर : सोनारी शिवलाल बस्ती निवासी एवं रिलेक्स बार के संचालक जय कुमार दुबे ने माही इंटरप्राइजेज के पदाधिकारी प्रदीप कुमार सोनकर, दीपिका सोनकर एवं पांच अज्ञात असामाजिक तत्वों पर धमकी देने, गाली-गलौज करने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि घटना की शिकायत करने के बावजूद पिछले दो महीने से वह सोनारी थाना का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

जय कुमार दुबे के अनुसार वर्ष 2018 में उन्होंने प्रदीप सोनकर एवं दीपिका सोनकर को 25 लाख रुपये उधार दिए थे। रकम वापस नहीं करने पर सोनारी थाना में कांड संख्या 163/2019 दर्ज कराया गया था। बाद में मामला झारखंड हाईकोर्ट पहुंचा, जहां कोर्ट के निर्देश पर 3 अक्टूबर 2020 को 11 लाख 60 हजार रुपये तथा 18 अप्रैल 2023 को दो लाख रुपये लौटाए गए। इसके बाद न्यायिक दंडाधिकारी अदनान अकीब की अदालत में एक वर्ष के भीतर शेष 8 लाख रुपये लौटाने का इकरारनामा दिया गया, जिसके आधार पर जीआर 150/2021 का निष्पादन कर दिया गया।

जय कुमार दुबे का आरोप है कि तय समय पर राशि वापस नहीं मिलने पर उन्होंने दोबारा मुकदमा दर्ज कराने की बात कही, तब आरोपियों ने 8 लाख रुपये का चेक दिया। लेकिन बैंक में लगाने पर चेक बाउंस हो गया। इसके बाद कानूनी नोटिस भेजने से नाराज होकर 5 अप्रैल की रात प्रदीप सोनकर, दीपिका सोनकर और पांच अज्ञात लोग उनके घर पहुंचे तथा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने यह कहते हुए हंगामा किया कि “रुपये मिल गया है, फिर भी झूठ बोलकर नोटिस भेजता है।” इसी दौरान आरोपियों ने 20 मार्च की कथित रकम प्राप्ति रसीद की फोटोकॉपी भी फेंकी। जय कुमार दुबे का दावा है कि उस रसीद पर उनके और गवाह के फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं।

जय कुमार दुबे ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले की जानकारी सोनारी पुलिस को दी है। कार्रवाई नहीं होने पर नगर पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की गई, लेकिन अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है और प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements

Thanks for your Feedback!

You may have missed