बंद फ्लैट में AC ब्लास्ट से लगी आग, फायर ब्रिगेड की देरी पर भड़के लोग

जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के हरहरगुट्टू स्थित एलबीएसएम कॉलेज रोड पर नीलकंठ नीलम अपार्टमेंट की दूसरी मंजिल के एक बंद फ्लैट में रविवार को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने फ्लैट से धुआं निकलते देखा तो पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सुरक्षा के लिए अपार्टमेंट के लोग बाहर निकल आए और बंद फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर पहुंचे। कमरे में घना धुआं भरा था और धमाके जैसी आवाजें आ रही थीं।


जांच में सामने आया कि कमरे में लगा स्प्लिट AC फटने से आग लगी थी। फ्लैट में मौजूद अग्निशामक यंत्र की मदद से लोगों ने आग पर काबू पाया। हादसे में AC पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कमरे में रखा अन्य सामान भी जल गया, हालांकि घटना के समय फ्लैट खाली होने के कारण कोई घायल नहीं हुआ। फ्लैट मालिक राहुल मजूमदार भी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि शुरुआती तौर पर AC में तकनीकी खराबी को आग की वजह माना जा रहा है.


