पटना में थार गाड़ी ने मचाया कोहराम, सड़क किनारे 6 लोगों को कुचल डाला,


बिहार: बिहार की राजधानी पटना में भीषण हादसा देखने को मिला है। जानकारी के मुताबिक, राजधानी पटना के दानापुर थाना क्षेत्र के गोला रोड में बेकाबू थार ने आधे दर्जन लोगों को कुचल डाला है। कार हादसे की ये घटना बुधवार की रात हुई है। इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने थार गाड़ी में आग लगा दी है। मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर कई थाने की पुलिस पहुंची है।बिहार की राजधानी पटना के दानापुर थाना क्षेत्र में गोला रोड पर तेज रफ्तार बेकाबू थार ने सड़क किनारे खड़े छह लोगों को कुचल डाला। जानकारी के मुताबिक, थार के ड्राइवर ने इतनी स्पीड में गाड़ी चलाई कि एक के बाद कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। जो लोग इस थार के सामने आए ड्राइवर सबको टक्कर मारता निकल गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई तो थार चालक मौके से गाड़ी छोड़ फरार हो गया।इस भीषण हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। इनमें से चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। किसी के पैर में फ्रैक्चर है तो कोई खून से लथपथ सड़क पर पड़ा मिला। एक महिला की हालत इतनी खराब थी कि वह खुद से खड़ी भी नहीं हो पा रही थी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने थार गाड़ी में आग लगा दी। देखते ही देखते गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। टायर, सीट और अंदर का सारा सामान जल गया, सिर्फ जला हुआ लोहे का ढांचा बचा, जिसे पहचान पाना भी मुश्किल हो गया कि यह थार थी।घटना की जानकारी मिलते ही दानापुर समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया और भीड़ को शांत कराने की कोशिश की। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।पुलिस ने फरार थार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।




