बिहार में दिल दहलाने वाली घटना, मुजफ्फरपुर में मां और तीन मासूमों का अपहरण के बाद कत्ल


मुजफ्फरपुर: अहियापुर थाना क्षेत्र में मां और तीन मासूम बच्चों की नृशंस हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सोमवार को चंदवारा घाट पुल के नीचे बुढ़ी गंडक नदी किनारे महिला और तीन बच्चों के बंधे हुए शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी, एसडीपीओ टू विनिता सिन्हा और अहियापुर थानाध्यक्ष रोहन कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कराई। मृतकों की पहचान कृशमोहन कुमार की पत्नी 22 वर्षीय ममता कुमारी, उनके बेटे आदित्य कुमार (6 वर्ष), अंकुश कुमार (4 वर्ष) और दो वर्षीय पुत्री कृति कुमारी के रूप में हुई है। स्वजन ने शव की पहचान करते हुए अपहरण के बाद हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।स्थानीय लोगों ने नदी में शव तैरते देख पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों शवों को बाहर निकलवाया और शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की. मृतका की पहचान ममता कुमारी के रूप में हुई है, जो ऑटो चालक कृष्ण मोहन की पत्नी थी. ममता अपने तीन बच्चों के साथ 10 तारीख से लापता थी. परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो 12 तारीख को पति ने अहियापुर थाना में आवेदन देकर पत्नी और बच्चों की बरामदगी की गुहार लगाई थी, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिक दर्ज कर जांच शुरू की.मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया. शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि महिला और बच्चों के शव दुपट्टे से बंधे हुए पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है.
घटना को लेकर मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश मिश्रा ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सफल उद्भेदन के लिए एक विशेष टीम का गठन किया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी. फिलहाल पूरा इलाका सदमे में है और हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर एक मां और उसके तीन मासूम बच्चों के साथ इतनी बेरहमी क्यों हुई. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है.




