पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बंधवाई राखी, बहनों की रक्षा का वचन देकर नारी शक्ति के सम्मान का किया आह्वान

Advertisements
Advertisements

जमशेदपुर (संवाददाता ):- भाई-बहन के अटूट प्रेम व स्नेह का पावन त्यौहार रक्षाबंधन रविवार को शहर में पूरे श्रद्धा भाव से मनाया गया। रक्षाबंधन पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने एग्रिको स्थित आवास पर अपनी बहनों एवं पार्टी के महिला मोर्चा की बहनों से राखी बंधवाई। इस दौरान बहनों ने उनके माथे पर तिलक लगाकर उनकी आरती उतारी और उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। पूर्व सीएम रघुवर दास ने सभी बहनों को स्नेहपूर्वक उपहार भेंट किया और उनकी रक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की सभी बहनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाई बहन के निर्मल स्नेह का अखण्ड एवं प्रेरक बल देने वाला रक्षाबंधन महाउत्सव है। सार्वजनिक जीवन मे उत्सव का महत्वपूर्ण स्थान है, ऐसे उत्सव हमें जीवन में सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं का स्थान सर्वोपरि है, जहां नारी शक्ति की पूजा की जाती है। परंतु हाल के दिनों में महिलाओं के प्रति लोगों के मन में जो विकृतियां आई है, उसे इन उत्सव से आई सकारात्मक ऊर्जा से दूर करते हुए महिलाओं की रक्षा का संकल्प लेने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि जिस तरह से महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं, उससे समाज का गलत दिशा में जाना प्रतीत हो रहा है। ऐसे में भाई-बहन के पवित्र त्यौहार रक्षाबंधन के मौके पर समाज में फैली उन सभी विकृतियों का त्याग करते हुए नारी शक्ति के सम्मान और उनके प्रति आदर का प्रण लेना चाहिए। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों की कई महिलाओं ने पूर्व मुख्यमंत्री को राखी बांधकर अपनी रक्षा का वचन लिया।

Advertisements
Advertisements

You may have missed