जावेद अख्तर बोले- किसी भी मजहब का हो, हर हिंदुस्तानी के खून में राम हैं

BOLLYWOOD: गीतकार और लेखक जावेद अख्तर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वह भगवान राम के विचारों और उनके नैतिक मूल्यों पर अपनी बात रखते नजर आ रहे हैं। मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनसे पूछा गया कि फिल्म ‘स्वदेश’ के उनके लिखे भजन ‘पल-पल है भारी, वो विपदा है आई’ की पंक्ति ‘मन से रावण जो निकाले, राम उसके मन में हैं’ ने लोगों को जिस तरह प्रभावित किया, वैसा असर हाल ही में रिलीज हुई ‘रामायण’ के गानों में क्यों नहीं दिखा। इस पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि इसका सीधा जवाब है कि वह एक अच्छे लेखक हैं।


इसके बाद जावेद अख्तर ने गंभीरता से अपनी बात रखते हुए अब्दुल रहीम खान-ए-खाना का दोहा सुनाया। उन्होंने कहा कि राम केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका हैं। राम कुछ खास नैतिक मूल्यों के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि किसी का भी मजहब हो, हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में राम मौजूद हैं। उनके मुताबिक, राम किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उससे कहीं बड़े हैं।
रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म ‘रामायण’ के बारे में पूछे जाने पर जावेद अख्तर ने बताया कि उन्होंने अभी फिल्म नहीं देखी है, लेकिन उनकी बेटी इसे देख चुकी हैं और उन्होंने फिल्म की काफी तारीफ की है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बेटी आसानी से किसी की तारीफ नहीं करतीं और आज तक उन्होंने खुद जावेद अख्तर की भी तारीफ नहीं की है।


