बसों से बिहार भेजी जाती थी नकली शराब, हाईवे तक फैला था नेटवर्क

जमशेदपुर : परसुडीह के गदड़ा गांव में नकली विदेशी शराब बनाने की फैक्ट्री का खुलासा होने के बाद उत्पाद विभाग की जांच में इसके नेटवर्क के बिहार तक फैले होने के सुराग मिले हैं। जांच में सामने आया है कि तैयार शराब की कुछ खेप बसों के जरिए बिहार भेजी जाती थी। गिरोह का संपर्क हाईवे के इलाकों में अवैध शराब की आपूर्ति करने वाले लोगों से होने की भी जानकारी मिली है। विभाग अब उन बसों और लोगों की पहचान करने में जुटा है, जिनके माध्यम से शराब बिहार पहुंचाई जाती थी। जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस फैक्ट्री का नेटवर्क जमशेदपुर से बाहर तक फैला हुआ था।

गौरतलब है कि उत्पाद विभाग की टीम ने गदड़ा गांव में छापेमारी कर 1,331 लीटर से अधिक अवैध शराब और स्पिरिट जब्त की थी। इसमें 821.53 लीटर बोतलबंद विदेशी शराब, 330 लीटर स्पिरिट और 180 लीटर तैयार रंगीन शराब शामिल थी। इसके अलावा विभिन्न ब्रांड के 20 हजार ढक्कन, पांच हजार खाली बोतलें, सात हजार लेबल और पांच हजार नकली होलोग्राम भी बरामद किए गए थे।


