500 रुपये के विवाद में महिला की पीट-पीटकर हत्या, छह आरोपी गिरफ्तार

पश्चिमी सिंहभूम : महज 500 रुपये के लेनदेन को लेकर 41 वर्षीय महिला की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 11 नवंबर की आधी रात के आसपास सोनुआ थाना क्षेत्र के हादिमारा गांव में हुई। उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (चक्रधरपुर) सैयद मुस्तफा हाशमी ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।


पुलिस अधिकारी के अनुसार, रीना गोप (32) के पति पांडु गोप की मृत्यु के बाद उनके घर पर अंतिम संस्कार के बाद की रस्म ‘मार्खी’ आयोजित की गई थी। इसके बाद कुछ लोग घर के बाहर आग ताप रहे थे। इसी दौरान जिंगी बांकिरा वहां पहुंची और कथित तौर पर अपशब्द कहने लगी। वह इस बात से नाराज थी कि रीना के दिवंगत पति पर उसके 500 रुपये बकाया थे और बिना पैसे लौटाए उनकी मृत्यु हो गई थी। विवाद बढ़ने पर जिंगी वहां से भागकर अपने घर के पीछे स्थित बाग में छिप गई। आरोप है कि लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और बाल पकड़कर सड़क तक घसीट लाए। इसके बाद लाठी और घूंसों से उसकी पिटाई की गई। पुलिस के मुताबिक, जमीन पर गिरने के बाद भी कृष्णा गोप ने उसके सिर पर लाठी से छह-सात बार वार किया, जिससे गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
मृतका के बेटे प्रेम सिंह बांकिरा की शिकायत पर घटना के अगले दिन भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने सूरज गोप (25), रघु गोप (19), गुकुल गोप उर्फ लंगरू (26), रीना गोप (32), मधु गोप उर्फ कोचे और मनोहरपुर थाना क्षेत्र के निवासी कृष्णा गोप को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई खून से सनी लाठियां, घटनास्थल से खून के धब्बे वाली मिट्टी, चूड़ी का एक टुकड़ा और रघु गोप की खून से सनी जींस भी बरामद की है।


