रातू में हथियारबंद अपराधियों ने व्यापारी परिवार को बनाया बंधक, चार लाख की डकैती

रांची : रातू के ब्रजपुर में मंगलवार की रात पांच हथियारबंद अपराधियों ने एक कारोबारी के परिवार को बंधक बनाकर चार लाख रुपये की डकैती की। अपराधी व्यवसायी सहदेव साहू के घर में घुसे और नकदी तथा सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। विरोध करने पर अपराधियों ने सहदेव साहू और उनकी 60 वर्षीय मां जमनी देवी पर पिस्तौल की बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बताया गया कि पांचों अपराधियों की उम्र 20 से 25 साल के बीच थी। वे रात करीब 11 बजे बाउंड्री वॉल फांदकर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे।


रिवॉल्वर और चाकू से लैस अपराधियों ने सहदेव साहू, उनकी पत्नी प्रणिता देवी, पिता टहल साहू, मां जमनी देवी और 17 साल के बेटे आर्यन को बंधक बना लिया। इस दौरान पोते को बचाने के लिए आगे आईं जमनी देवी और सहदेव साहू के साथ मारपीट की गई। अपराधी घर से 2 लाख रुपये नकद और करीब 2 से 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


