लंबित विकास योजनाओं पर डीसी सख्त, लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई

जमशेदपुर : जिले में विकास योजनाओं की धीमी रफ्तार पर उपायुक्त राजीव रंजन ने सख्ती दिखायी है. शनिवार को डीसी कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी लंबित योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही बरतने या निर्धारित मानकों की अनदेखी करने वाले संवेदकों के खिलाफ सीधी कार्रवाई की जायेगी. बैठक में जिला योजना, ग्रामीण विकास, नीति आयोग और सांसद-विधायक मद से संचालित परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गयी.


उपायुक्त ने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचेगा. इसके लिए संबंधित अधिकारियों को कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय कार्यस्थलों का औचक निरीक्षण करने और मौके पर ही कमियों को दूर कराने का निर्देश दिया गया. समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2023-24 और उससे पहले की कुछ योजनाएं अधूरी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जतायी. कार्यकारी एजेंसियों को लंबित योजनाओं का तत्काल भौतिक सत्यापन कराने और उन्हें जल्द पूरा करने को कहा गया. साथ ही, काम में आ रही बाधाओं के कारण स्पष्ट करने का निर्देश दिया.
बैठक में ग्रामीण सड़कों, पुल-पुलिया, नालियों, सामुदायिक भवनों, पेयजल योजनाओं, स्कूलों में अतिरिक्त कमरों व शौचालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्रों की आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं करने की हिदायत दी. बैठक में डीडीसी नागेंद्र पासवान, एडीसी अनुराग तिवारी, एनइपी निदेशक राजेश कुमार, जिला योजना पदाधिकारी समेत विभिन्न तकनीकी विभागों के कार्यपालक और सहायक अभियंता मौजूद थे.


