पवन सिंह ने अक्षरा सिंह से मंच पर मांगी माफी, फिर साथ काम करने का दिया संकेत

मुंगेर : भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता और गायक पवन सिंह ने अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ दोबारा काम करने का संकेत दिया है। बिहार के मुंगेर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह ने सार्वजनिक मंच से अक्षरा सिंह और उनके माता-पिता से माफी मांगी। उन्होंने दर्शकों से पूछा कि कितने लोग उनकी और अक्षरा सिंह की जोड़ी को फिर से पर्दे पर देखना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने कहा कि दोनों बहुत जल्द साथ नजर आएंगे। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद दोनों कलाकारों के दोबारा साथ काम करने की चर्चा तेज हो गई है।


कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह ने अक्षरा सिंह को अपना बाबू और बेटा बताते हुए कहा कि उनके पिता उनके लिए बड़े भाई और माता भाभी के समान हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनकी किसी गलती से अक्षरा सिंह या उनके माता-पिता को ठेस पहुंची है, तो वह दिल से माफी मांगते हैं। दूसरी ओर, अक्षरा सिंह ने भी एक कार्यक्रम में पवन सिंह का गाना गाया। इन घटनाओं को दोनों कलाकारों के बीच पुराने मतभेद कम होने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, दोबारा साथ काम करने को लेकर अक्षरा सिंह की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पवन सिंह और अक्षरा सिंह पहले कई भोजपुरी फिल्मों में एक साथ काम कर चुके हैं। दोनों के कथित प्रेम संबंध भी चर्चा में रहे थे। साल 2018 में पवन सिंह ने ज्योति से शादी की थी, जिसके बाद दोनों कलाकारों के रिश्ते में खटास आने की खबरें सामने आई थीं। साल 2019 में अक्षरा सिंह ने पवन सिंह और उनके सहयोगियों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी दावा किया था कि पवन सिंह ने उन्हें भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री से दूर करने की कोशिश की, जिससे उनके करियर को नुकसान पहुंचा। अब पवन सिंह के सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और साथ काम करने की इच्छा जताने के बाद दोनों की जोड़ी की वापसी की संभावनाओं को लेकर चर्चा हो रही है।


