खनन में रॉयल्टी से ज्यादा सेस की कमाई, 12 अक्तूबर तक 6224.17 करोड़ की वसूली

रांची : झारखंड सरकार के खान विभाग ने 12 अक्तूबर तक झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड (जेएमबीएल) सेस से 6224.17 करोड़ की वसूली की है. वहीं खनन रॉयल्टी से 5639.41 करोड़ रुपये ही मिले हैं, यानी रॉयल्टी से ज्यादा कमाई सेस से हुई है. रॉयल्टी, सेस और अन्य शुल्क मिलाकर विभाग अब तक कुल 13100.93 करोड़ रुपये वसूल चुका है. यह रकम वित्तीय वर्ष के छह माह में आई है, जबकि छह माह अभी बाकी हैं.


खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन अधिनियम 18 अगस्त से देशभर में लागू है. इसमें राज्यों द्वारा खनिजों पर सेस की प्रक्रिया हटाने का प्रावधान है. लेकिन झारखंड सरकार ने इसका विरोध किया और राज्य में इसे लागू नहीं किया. राज्य के चालान पोर्टल जिम्स पर बिना सेस भुगतान के किसी को चालान नहीं मिल रहा, इसलिए कंपनियां सेस का भुगतान कर रही हैं.
पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य को जेएमबीएल सेस से 7485.67 करोड़ और रॉयल्टी व अन्य शुल्क से 11113.75 करोड़, यानी कुल 18599.42 करोड़ राजस्व मिला था. इस साल विभाग ने 25 हजार करोड़ से अधिक का लक्ष्य रखा है. दिसंबर 2025 में अधिसूचित नई दरों में कोयले पर सेस 250 से बढ़ाकर 450 रुपये प्रति टन किया गया था. लौह अयस्क पर इसे 400 से 600 रुपये और लाइमस्टोन पर 40 से 100 रुपये प्रति टन किया गया. विभाग का अनुमान है कि इस वर्ष पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुना, 13800 करोड़ रुपये सेस मिलेगा.


