एआई डेटा सेंटर के लिए टाटा पावर की बड़ी तैयारी, मुंबई में 15,000 करोड़ रुपये से ग्रिड विस्तार की योजना

जमशेदपुर : देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्लाउड सेवाओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते इस्तेमाल के बीच डेटा सेंटर की बिजली और इंफ्रास्ट्रक्चर संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए टाटा पावर अपनी सेवाओं का विस्तार कर रही है। कंपनी बिजली आपूर्ति के साथ ग्रिड कनेक्टिविटी, ट्रांसमिशन नेटवर्क, हरित ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण, कूलिंग और जमीन पर बिजली की उपलब्धता जैसे एकीकृत समाधान प्रदान करने पर काम कर रही है। कंपनी के पास नवीकरणीय ऊर्जा, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़े 2.8 गीगावाट से अधिक क्षमता के अवसरों की पाइपलाइन है। इन सेवाओं के जरिए बड़े हाइपरस्केल और आधुनिक एआई आधारित डेटा सेंटर परियोजनाओं की जरूरतें पूरी करने में मदद मिलने की उम्मीद है।


टाटा पावर के डेटा सेंटर पोर्टफोलियो में डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के अंतर्गत करीब 430 मेगावाट की आगामी लोड क्षमता, ट्रांसमिशन से जुड़े 1,236 मेगावाट के अवसर और सक्रिय जुड़ाव के तहत 1,150 मेगावाट की हरित ऊर्जा क्षमता शामिल है। कंपनी 18 प्रमुख घरेलू और वैश्विक डेटा सेंटर ऑपरेटरों के साथ 29 सक्रिय कार्यप्रणालियों पर काम कर रही है। साथ ही देश की कुछ बड़ी एआई-रेडी डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को बिजली उपलब्ध कराने में भी भूमिका निभा रही है। बिजली उत्पादन से लेकर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन तक कंपनी की मौजूदगी डेटा सेंटर संचालकों को एकीकृत ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने में सहायक है।
मुंबई मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र में डेटा सेंटरों की बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए टाटा पावर अपने 110 केवी और 220 केवी नेटवर्क को अपग्रेड कर रही है। ट्रांसमिशन क्षमता बढ़ाने, वैकल्पिक बिजली आपूर्ति व्यवस्था तैयार करने, नए रिसीविंग स्टेशन विकसित करने और 400 केवी ट्रांसमिशन रिंग नेटवर्क का विस्तार करने की योजना है। ये कार्य कंपनी की 15,000 करोड़ रुपये की ‘मुंबई ग्रिड अपग्रेडेशन एंड एक्सपेंशन प्लान’ का हिस्सा हैं। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीइए) के अनुमान के अनुसार, एआई आधारित डेटा सेंटर वित्त वर्ष 2031-32 तक करीब 26.3 गीगावाट अतिरिक्त बिजली मांग पैदा कर सकते हैं। इसी संभावित मांग को ध्यान में रखते हुए कंपनी ऊर्जा और ग्रिड इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार कर रही है।


