मां के श्राद्ध कर्म के बीच सरकारी कामकाज निपटा रहे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, लगातार दूसरे दिन देखीं जरूरी फाइलें

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी मां रूपी सोरेन के निधन के बाद श्राद्ध कर्म और अन्य पारंपरिक रीति-रिवाजों को पूरा करने के लिए नेमरा में हैं। इस दौरान वह शुभचिंतकों से मुलाकात करने के साथ सरकारी कामकाज भी निपटा रहे हैं। मुख्यमंत्री मुख्य सचिव अविनाश कुमार के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण सरकारी फाइलों का निबटारा कर रहे हैं, ताकि उनके नेमरा में रहने के दौरान जनता से जुड़े कार्यों में किसी तरह की बाधा न आये।
शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लगातार दूसरे दिन कई जरूरी फाइलों का निबटारा किया। बताया गया कि इनमें अधिकांश फाइलें न्यायालय के आदेशों के अनुपालन से संबंधित थीं। मुख्यमंत्री के नेमरा में रहने के बावजूद प्रशासनिक कार्यों को जारी रखने के लिए अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है।
जरूरी मामलों से जुड़ी फाइलें मुख्यमंत्री के समक्ष भेजी जा रही हैं, ताकि समय पर उनका निबटारा हो सके। मुख्यमंत्री का प्रयास है कि पारिवारिक रीति-रिवाजों को निभाने के दौरान भी सरकारी कामकाज और जनता से जुड़े प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हों।



