दुर्गा पूजा और दीपावली से पहले बिजली विभाग की 10 दिवसीय स्पेशल ड्राइव शुरू

बोकारो : दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों को देखते हुए बिजली विभाग ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में 10 दिनों की स्पेशल ड्राइव शुरू की है। इसके तहत खराब व पुराने बिजली तारों को बदलने, क्षतिग्रस्त और जर्जर पोल की मरम्मत, ढीले व झूलते तारों को दुरुस्त करने और ट्रांसफार्मरों की जांच का काम किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए शहरी और ग्रामीण इलाकों में अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।


अभियान के दौरान फीडरों की तकनीकी जांच, लाइन पेट्रोलिंग और पेड़ों की टहनियों की छंटाई की जाएगी। लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने की शिकायत वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। पूजा पंडालों और मंदिरों में अस्थायी बिजली कनेक्शन और अतिरिक्त लोड की भी जांच होगी, ताकि त्योहारों के दौरान सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अवैध बिजली उपयोग नहीं करने और किसी भी खराबी की सूचना तुरंत विभागीय नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की है। चास के कार्यपालक अभियंता एसडी तिवारी ने बताया कि दुर्गा पूजा और दीपावली को देखते हुए क्षेत्रवार निरीक्षण के साथ आवश्यकता के अनुसार तार बदलने समेत अन्य कार्य किए जा रहे हैं।


