लोयोला स्कूल के पास कारोबारी की क्रिकेट बैट से पिटाई, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
Oplus_16908288

जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित लोयोला स्कूल के पास दो कारोबारियों के बीच हुई मारपीट में अजय भालोटिया घायल हो गए। उनकी शिकायत पर बिष्टुपुर थाना में कारोबारी दिलीप मुरारका के खिलाफ हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर को यूनाइटेड क्लब में अजय भालोटिया और दिलीप मुरारका के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके अगले दिन 1 अक्टूबर को दोनों लोयोला स्कूल के पास पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान दिलीप मुरारका ने क्रिकेट बैट से अजय भालोटिया की पिटाई कर दी। घटना आसपास मौजूद लोगों के बीच हुई और इसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
घायल अजय भालोटिया ने बिष्टुपुर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस वायरल वीडियो के साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अजय भालोटिया बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में जुबिली पार्क के पास बंगला नंबर 10 के निवासी बताए गए हैं, जबकि दिलीप मुरारका भी बिष्टुपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस मारपीट की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच के साथ आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।


