तीन किलोमीटर सड़क पर 300 से अधिक गड्ढे, 10 हजार ग्रामीण परेशान

पटमदा : लावा पंचायत में रहेरडीह मोड़ से गाड़ीग्राम और सिसदा होते हुए ओपो गांव तक करीब तीन किलोमीटर सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। सड़क पर 300 से भी अधिक बड़े-बड़े गड्ढे होने से तीन पंचायतों के करीब 10 हजार ग्रामीण परेशान हैं। तीन किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहनों को 35-40 मिनट लग रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार पिछले तीन-चार वर्षों से सड़क की स्थिति खराब है और रात में लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।

लावा गांव के ग्राम प्रधान बृंदावन दास और ओपो गांव के ग्राम प्रधान खगेन्द्र नाथ सिंह ने बताया कि सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय सांसद और विधायक से कई बार गुहार लगायी जा चुकी है। बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गयी है। गहरे गड्ढों के कारण रात में वाहन चलाना ही नहीं, पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार खराब सड़क के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने, बीमार या गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने और पटमदा साप्ताहिक हाट के दिनों में सबसे अधिक परेशानी होती है। लगातार शिकायतों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने से ग्रामीणों में स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आक्रोश है।


