दुर्गा पूजा में जाम से राहत की तैयारी, बड़े पंडालों के लिए बनेगा ट्रैफिक रोडमैप

जमशेदपुर : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को जाम और पार्किंग की परेशानी से बचाने के लिए जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति ने मंगलवार को जोनल प्रभारियों के साथ बैठक की। इसमें बड़े पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों के लिए पहले से ट्रैफिक रोडमैप तैयार करने और पार्किंग व्यवस्था बेहतर करने पर जोर दिया गया। सभी जोनल प्रभारियों को अपने क्षेत्र की पूजा समितियों के साथ समन्वय कर वाहनों की सुचारु आवाजाही की योजना बनाने को कहा गया है।


बैठक में निर्धारित पार्किंग स्थलों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पार्किंग स्थलों पर रोशनी, पहुंच मार्ग या अन्य समस्या होने पर पूजा समितियों को इसकी जानकारी केंद्रीय समिति को देने को कहा गया, ताकि पूजा शुरू होने से पहले कमियां दूर की जा सकें।
बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव आशुतोष सिंह, उपाध्यक्ष गौतम प्रसाद, संयोजक प्रमोद तिवारी के साथ ईस्ट जोन से प्रदीप दास, सेंट्रल जोन-ए से ओम्यो ओझा, सेंट्रल जोन-बी से शंभू मुखी एवं जितेंद्र कुमार, नॉर्थ जोन से अजय शर्मा, साउथ जोन से शिव शंकर सिंह, वेस्ट जोन-ए से पीएस माथुर और वेस्ट जोन-बी से मनीष कुमार उपस्थित रहे।


