विश्व शांति दिवस पर टाटा वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों से संवाद
Advertisements

शहर में शांति, सद्भाव और संवाद की संस्कृति को मजबूत करने पर हुई चर्चा
जमशेदपुर : 21 सितंबर अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस के अवसर पर जिला सर्वोदय मंडल, पूर्वी सिंहभूम एवं गांधी शांति प्रतिष्ठान की ओर से टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी एवं उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम से मुलाकात कर शहर में शांति, सद्भाव और सामाजिक एकता का वातावरण मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2026 के अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस की थीम “Invest in Peace – For Everyone, Everywhere, Every Day” शांति में निवेश करें – हर किसी के लिए, हर जगह, हर दिन निर्धारित की है। यह थीम शांति को केवल संघर्ष की अनुपस्थिति नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, गरिमा, संवाद, सहयोग और आपसी सम्मान को मजबूत करने की निरंतर प्रक्रिया के रूप में देखने का संदेश देती है। इस अवसर पर महात्मा गांधी के जमशेदपुर आगमन के 100 वर्ष पूरे होने के संदर्भ में डॉ सुख चंद्र झा द्वारा लिखित पुस्तक “झारखंड में गांधी” की प्रति टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को भेंट की गई।

बैठक में इस बात पर विशेष चर्चा हुई कि आगामी एक वर्ष तक महात्मा गांधी के विचारों, अहिंसा, सत्य, सद्भाव और सामाजिक एकता को केंद्र में रखते हुए शहर में विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किस प्रकार किया जाए। साथ ही युवाओं, श्रमिकों और आम नागरिकों के बीच संवाद बढ़ाने तथा शांति एवं भाईचारे की संस्कृति को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करने पर विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर जिला सर्वोदय मंडल, पूर्वी सिंहभूम की ओर से विवेक कुमार एवं अंकुर शाश्वत उपस्थित रहे।

