अब WhatsApp पर दर्ज होगी जनसमस्या, SMS से मिलेगा शिकायत का हर अपडेट

जमशेदपुर : जिले में जनसमस्याओं की शिकायत दर्ज कराना अब आसान होगा। जिला प्रशासन ने WhatsApp आधारित ‘अबुआ मित्र’ चैटबोट सेवा शुरू की है। उपायुक्त राजीव रंजन ने इस सेवा का शुभारंभ किया। इसके लिए 8580090001 WhatsApp नंबर जारी किया गया है। नागरिक इस नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे और जरूरी जानकारी के साथ संबंधित दस्तावेज भी भेज सकेंगे।


‘अबुआ मित्र’ में शिकायत दर्ज करते समय नागरिक अपनी पसंद की भाषा चुन सकेंगे। दर्ज शिकायत को जिला प्रशासन के जन सहायता JSR पोर्टल से जोड़ा जाएगा और शिकायत की प्रकृति के अनुसार उसे संबंधित विभाग, कार्यालय या सक्षम अधिकारी के पास कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। संबंधित विभाग शिकायत पर आगे की कार्रवाई, फॉलोअप और समाधान की प्रक्रिया पूरी करेगा।
शिकायत दर्ज होने के बाद उसकी प्रगति जानने के लिए लोगों को बार-बार कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। कार्रवाई के अलग-अलग चरणों की जानकारी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए मिलेगी। जिला प्रशासन के मुताबिक, इस व्यवस्था से शिकायत दर्ज करने और उसके निपटारे की प्रक्रिया अधिक आसान और व्यवस्थित होगी। साथ ही पारदर्शिता, अधिकारियों की जवाबदेही और प्रशासन एवं आम लोगों के बीच सीधा संवाद बढ़ने की उम्मीद है।


