गरीब मरीजों को करीब 50% खर्च में मिलेगा इलाज, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया सुविधा का उद्घाटन

आदित्यपुर : नेता जी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में गरीब मरीजों को कम खर्च में बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की नई सुविधा शुरू की गई है। 8 सितंबर को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इसका उद्घाटन किया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के इलाज का खर्च कम करना है।

नेता जी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने बताया कि जिस इलाज के लिए बाहर मरीजों को 100 प्रतिशत खर्च करना पड़ता है, वही इलाज यहां करीब 50 प्रतिशत खर्च में कराया जाएगा। बेहतर इलाज के लिए अनुभवी डॉक्टरों को जोड़ा गया है और मरीजों का उपचार डॉक्टरों के विशेष पैनल की निगरानी में होगा। मदन मोहन सिंह के अनुसार, इस सुविधा का ट्रायल करीब चार महीने पहले शुरू किया गया था और अब इसे औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि एक साल पुराने किसी अन्य मेडिकल कॉलेज में इस तरह की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, इस तरह की व्यवस्था पटना में पिछले चार वर्षों से चल रही है। वहां इलाज से जुड़े डॉक्टरों को भी आदित्यपुर में बनाए गए पैनल में शामिल किया गया है। इन विशेषज्ञ डॉक्टरों की मदद से अब यहां भी मरीजों को इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। प्रबंधन का कहना है कि इस व्यवस्था से खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इलाज कराने में मदद मिलेगी।


