झारखंड पेपर लीक मामले में एक और गिरफ्तारी, बिचौलिये की भूमिका का आरोप

रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक और अनियमितता की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग की विशेष टीम ने सोमवार को पटना निवासी राजन कुमार को गिरफ्तार किया। उस पर मामले में बिचौलिये की भूमिका निभाने का आरोप है। पूछताछ के दौरान उसका नाम सामने आने और तकनीकी साक्ष्य मिलने के बाद टीम ने उसकी भूमिका की जांच शुरू की थी।


जांच एजेंसी के अनुसार, राजन से पूछताछ में प्रश्नपत्र लीक से जुड़े अन्य लोगों और कथित नेटवर्क के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है। टीम ने रविवार को पलामू के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के डुमरी से सफल अभ्यर्थी कुंदन कुमार को भी गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उसने प्रश्नपत्र लीक गिरोह को पैसे दिए थे। जांच में 125 से अधिक अभ्यर्थी दायरे में हैं। इनमें 28 को परीक्षा से पहले नेपाल ले जाकर 135 प्रश्नों के उत्तर रटवाने का आरोप है, जिनमें 120 प्रश्न मुख्य परीक्षा में हूबहू पूछे गए थे।
जांच टीम संदिग्धों के मोबाइल कॉल विवरण और बैंक खातों में हुए लेन-देन की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक धांधली में संलिप्तता की पुष्टि होने पर अभ्यर्थियों के खिलाफ कार्रवाई होगी और चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति भी प्रभावित हो सकती है।


