ट्रैफिक चेकिंग के दौरान हंगामा, पुलिसकर्मियों से मारपीट का आरोप

जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के आमबगान इलाके में रविवार को ट्रैफिक चेकिंग के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब तेज रफ्तार से आ रहे एक बाइक सवार युवक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे बताई जा रही थी। पुलिस के सामने देखकर बाइक सवार युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई।

आरोप है कि बाइक से गिरने के बाद युवक ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना में एक युवक के घायल होने की भी सूचना है। इसके बाद पुलिस बाइक सवार को पकड़कर अपने साथ थाना ले गई।
घटना को लेकर पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


