219वें उर्स में पहुंचे हेमंत सोरेन, चादरपोशी कर मांगी अमन-चैन और खुशहाली की दुआ

रांची : डोरंडा स्थित हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की मजार पर रविवार को 219वें उर्स के दौरान श्रद्धा और आस्था का माहौल रहा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उर्स में शामिल हुए और परंपरा के अनुसार मजार पर चादरपोशी कर झारखंड की सुख-समृद्धि, अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ की. इस मौके पर बड़ी संख्या में अकीदतमंद भी पहुंचे और चादरपोशी व फातिहा के जरिये अपनी श्रद्धा अर्पित की. मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा की शिक्षाएं प्रेम, भाईचारे, इंसानियत और आपसी सौहार्द का संदेश देती हैं. ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ लोगों के बीच विश्वास मजबूत करते हैं.

हेमंत सोरेन ने कहा कि उर्स का पवित्र अवसर भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान विविधता में एकता से रही है और यह परंपरा आगे भी बनी रहनी चाहिए. सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर रहें, यही राज्य की ताकत है. उन्होंने झारखंड के लगातार विकास और सभी वर्गों के जीवन में सुख, शांति व समृद्धि की कामना की. मुख्यमंत्री ने उर्स में शामिल अकीदतमंदों और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, सद्भाव और इंसानियत के मूल्यों को अपनाने की अपील की. मजार परिसर में उमड़ी भीड़ ने परिवार और प्रदेश की खुशहाली के लिए दुआ मांगी. आयोजन के दौरान श्रद्धा, आस्था और भाईचारे का माहौल बना रहा.


