नेपाल की बाढ़ में लापता रामप्रसाद, परिवार से मिले संजय सेठ; तलाश तेज

रांची :नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ के बाद रांची के रामप्रसाद घोष लापता हैं। 26 अगस्त के बाद से परिवार का उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है। इसी बीच केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शनिवार को रामप्रसाद के परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से एंबेसी समेत अन्य माध्यमों के जरिए रामप्रसाद की तलाश की जा रही है। परिवार के कुछ सदस्य भी उन्हें खोजने काठमांडू गए हैं, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है। संजय सेठ ने रामप्रसाद के सकुशल लौटने की प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी तलाश हर स्तर पर जारी है।

रामप्रसाद की बहन पूजा घोष ने बताया कि अभी तक उनका कोई पता नहीं चला है। भाई प्रकाश कुमार घोष के मुताबिक, 25 अगस्त को रामप्रसाद से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी और 26 अगस्त से संपर्क टूट गया। परिवार के बड़े भाई और भाभी नेपाल गए हैं और त्रिशूली पहुंचने वाले हैं। रामप्रसाद के पिता ने कहा कि जानकारी मिलती तो परिवार उन्हें रांची वापस ले आता। उनका एक दोस्त भी नेपाल में है, जो इलाके की जानकारी होने के कारण तलाश में मदद कर रहा है। रामप्रसाद कोकर स्थित हैदर अली रोड नंबर 12 के रहने वाले हैं और नेपाल के अपर त्रिशूली क्षेत्र की एंड्रिट्ज हाइड्रो पावर कंपनी में एडमिन पद पर कार्यरत थे। वे पिछले छह-सात महीनों से कंपनी से जुड़े थे और करीब दो महीने पहले छुट्टी पर रांची आए थे। परिवार को उम्मीद है कि वे सुरक्षित होंगे और जल्द उनका पता चल जाएगा।


