भारी बारिश-वज्रपात का अलर्ट, 30 अगस्त तक तेज हवा के साथ बदलेगा मौसम



रांची : बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और चक्रवाती हवाओं के असर से झारखंड के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो सकता है। 26 अगस्त को गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना है, जबकि रांची समेत अन्य जिलों में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश हो सकती है। 27 अगस्त को चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़, धनबाद और रांची के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने 26 से 30 अगस्त तक गरज-चमक, तेज हवा और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की है।


28 अगस्त को गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में, जबकि 29 अगस्त को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। रांची में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मंगलवार को सबसे अधिक 5.3 मिमी बारिश जमशेदपुर में और 0.7 मिमी बारिश रांची में दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बारिश के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी है।


