59 किलो गांजे के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार, ₹50 लाख का माल जब्त; वाहन जांच में खुला नेटवर्क






जमशेदपुर : अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र से पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 59 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान एक बोलेरो, एक मोटरसाइकिल और 3,000 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।


जानकारी के अनुसार जिले में चल रहे एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के तहत सिदगोड़ा के लिट्टी चौक के पास पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर उनकी तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। इसके बाद मौके से छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों के मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था, इसकी सप्लाई किन इलाकों में की जानी थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। संभावित ठिकानों पर आगे छापेमारी की तैयारी भी की जा रही है।
गिरफ्तार सभी छह आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के अनुसार जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


