ऑक्सीजन की कमी से एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान ग्राउंडेड, 170 यात्री हुए परेशान






रांची : दिल्ली से रांची पहुंची एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स 1046 को ऑक्सीजन की कमी पाए जाने के बाद बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर ग्राउंडेड कर दिया गया। विमान सुबह 9.05 बजे निर्धारित समय पर रांची पहुंचा था। यात्रियों के उतरने के बाद नियमित तकनीकी जांच के दौरान इंजीनियरों को ऑक्सीजन की कमी का पता चला, जिसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना देकर विमान की उड़ान रोक दी गई।


एयरपोर्ट पर यात्रियों को उद्घोषणा के जरिए बताया गया कि तकनीकी कारणों से विमान को फिलहाल उड़ान की अनुमति नहीं है। एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक अधिकारी के अनुसार ऑक्सीजन भरने में करीब ढाई से तीन घंटे लगते हैं। विमान को दोपहर 12.30 बजे रांची से दिल्ली के लिए रवाना किया जाना है। इस फ्लाइट से कुल 170 यात्रियों को दिल्ली जाना था।
यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर चाय और नाश्ते की व्यवस्था की गई। वहीं, जो यात्री किसी दूसरी फ्लाइट से दिल्ली जाना चाहते थे, उन्हें टिकट रिफंड का विकल्प भी दिया गया। विमान को यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ग्राउंडेड किया गया।


