किराये के कमरे में 35 वर्षीय युवक का शव मिला, पास से देसी कट्टा बरामद






आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया रेलवे स्टेशन के पास शनिवार को किराये के मकान से जमशेदपुर निवासी 35 वर्षीय सपन दास का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। कमरे से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों की मौजूदगी में कमरा खुलवाया गया, जहां सपन मृत मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से एक देसी कट्टा भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।


सपन करीब चार महीने पहले गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप शक्तिपद सिंह के किराये के मकान में रहने आया था और आरकेएफएल कंपनी में काम करता था। उसकी पत्नी और दो बच्चे सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुईयांडीह में रहते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, सपन यहां एक अन्य महिला के साथ रह रहा था। मृतक की पत्नी की शिकायत पर उक्त महिला के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस आत्महत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


