आदित्यपुर में सरकारी जमीन पर भू-माफिया की टेढ़ी नजर: चुना भट्टा में सफाई के नाम पर कब्जा और प्लाटिंग की बड़ी तैयारी, प्रशासन बना मूकदर्शक






आदित्यपुर: आदित्यपुर एनआईटी रोड स्थित चुना भट्टा मुख्य मार्ग पर सरकारी जमीन को हड़पने का बड़ा खेल शुरू हो गया है। इलाके के रसूखदार सफेदपोशों और भू-माफियाओं की नजर इस प्राइम लोकेशन की भूमि पर टिक गई है। पिछले तीन दिनों से ‘सफाई और गंदगी हटाने’ की आड़ में वर्षों से जमा चूने के अवशेष को जेसीबी और ट्रैक्टर लगाकर हटाया जा रहा है, ताकि जमीन को समतल कर उसकी अवैध प्लाटिंग और खरीद-बिक्री की जा सके।


सफाई के बहाने कब्जे का खेल
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुख्य मार्ग की इस सरकारी जमीन पर बाकायदा एक जेसीबी मशीन और तीन ट्रैक्टर लगाकर लगातार काम कराया जा रहा है। जब मौके पर काम कर रहे लोगों से पूछताछ की जाती है, तो वे पूरी तरह अनजान बनने का ढोंग करते हैं। सूत्रों की मानें तो बस्ती के कुछ स्थानीय लोग राजनीतिक रसूखदारों के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दे रहे हैं।
शिकायत के बावजूद अंचल कार्यालय मौन
मामले की गंभीरता को देखते हुए गम्हरिया अंचल अधिकारी (सीओ) से लिखित शिकायत की गई है। इसके बावजूद अंचल कार्यालय की ओर से न तो कोई जांच की गई और न ही किसी राजस्व कर्मचारी ने मौके पर जाना मुनासिब समझा जो कुछ और इशारा कर रही है।
वेंडिंग जोन योजना अधर में
गौरतलब है कि पूर्व में नगर निगम ने इसी जमीन पर फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित करने के लिए ‘वेंडिंग जोन’ बनाने का प्रस्ताव तैयार किया था। हालांकि निगम अधिकारियों का कहना है कि यह योजना फिलहाल अधर में लटकी है। योजना के ठंडे बस्ते में जाते ही भू-माफिया पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभागों में तगड़ी सेटिंग के चलते खुलेआम सरकारी संपत्ति की लूट की तैयारी चल रही है।


