कम नंबर आने के डर से घर से भागा 16 वर्षीय छात्र, बाबाधाम के रास्ते तारापुर से सुरक्षित बरामद






जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-5 निवासी 16 वर्षीय ऋषभ कुमार को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है। ऋषभ गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे घर से ट्यूशन जाने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने दोस्तों, रिश्तेदारों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन समेत कई जगह उसकी तलाश की। कोई सुराग नहीं मिलने पर उलीडीह थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।


बताया गया कि ऋषभ कक्षा 9वीं का छात्र है और हाल ही में आए परीक्षा परिणाम में उसके अंक अपेक्षा से कम आए थे। कम अंक पाने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को स्कूल प्रबंधन ने मिलने के लिए बुलाया था। इसी बात को लेकर वह डांट-फटकार के डर से परेशान था और घर छोड़कर निकल गया। घर से निकलने के बाद वह बाबाधाम जा रहे श्रद्धालुओं की एक बस में सवार होकर बिहार की ओर चला गया।
तारापुर पहुंचने के बाद ऋषभ ने एक परिचित के फोन से अपने परिजनों से संपर्क किया और बताया कि वह बाबाधाम जा रहा है। परिवार ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। संयोग से परिवार का एक रिश्तेदार भी पुलिस सेवा में है और संबंधित क्षेत्र में तैनात था। स्थानीय पुलिस और परिजनों के बीच त्वरित समन्वय के बाद ऋषभ को तारापुर से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। छात्र के सकुशल मिलने की सूचना के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।


