20 साल बाद घर लौटा लापता पति, पत्नी का इंतजार हुआ पूरा; गांव में मना जश्न






बोकारो : बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के गोविंदपुर बस्ती निवासी परशुराम महतो करीब 20 साल बाद अपने परिवार के पास लौट आए। वह लगभग दो दशक पहले रोजगार की तलाश में घर से निकले थे और बाद में लापता हो गए। परिवार ने कई वर्षों तक उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। लंबे समय के बाद राजस्थान के भरतपुर स्थित अपना घर आश्रम की मदद से उनकी पहचान हो सकी और पुलिस के माध्यम से परिवार तक सूचना पहुंची। परिजनों ने वीडियो कॉल पर उन्हें पहचानने के बाद राजस्थान जाकर वापस घर लाया।


परशुराम मानसिक रूप से अस्वस्थ अवस्था में राजस्थान के कुचामन सिटी में मिले थे, जिसके बाद उन्हें आश्रम लाया गया और इलाज कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें धीरे-धीरे अपना नाम और बोकारो का पता याद आया। इसके आधार पर आश्रम और स्थानीय पुलिस ने उनके परिवार की तलाश शुरू की। परशुराम के भाई कामेश्वर महतो के अनुसार परिवार ने पांच-छह वर्षों तक उन्हें खोजा था, लेकिन बाद में उम्मीद लगभग खत्म हो गई थी।
पति के लापता होने के बावजूद पत्नी मालती देवी ने करीब 20 वर्षों तक उनके लौटने की उम्मीद नहीं छोड़ी। वह सिंदूर लगाती रहीं और करवा चौथ का व्रत भी रखती रहीं। परशुराम के घर पहुंचने पर ग्रामीणों ने गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया। लंबे समय बाद पति-पत्नी के मिलन से परिवार और गांव में खुशी का माहौल बन गया।


