जनाजा लेकर जाते समय कीचड़ में फिसले लोग, एक घायल; सड़क की मांग को लेकर धरना शुरू






जमशेदपुर : आजादनगर स्थित जाकिरनगर मुस्लिम वक्फ कब्रिस्तान की ओर जाने वाला करीब 125 मीटर लंबा संपर्क मार्ग बारिश के बाद कीचड़ और फिसलन से बेहद खराब हो गया है। गुरुवार को जनाजा लेकर कब्रिस्तान जा रहे लोगों का संतुलन बिगड़ गया, जिसमें एक व्यक्ति गिरकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओल्ड पुरुलिया मेन रोड से कब्रिस्तान तक जाने वाले इस रास्ते की खराब स्थिति के कारण बारिश के दिनों में हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है.


घटना के विरोध में मानगो निवासी समाजसेवी आफताब अहमद सिद्दकी शुक्रवार को सांकेतिक धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि इंसान के अंतिम सफर का रास्ता कम से कम सुरक्षित होना चाहिए। उनका कहना है कि भविष्य में जनाजे के साथ कोई बड़ा हादसा न हो, इसी उद्देश्य से प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर खींचने के लिए धरना दिया जा रहा है। कई समाजसेवी संगठनों ने भी उन्हें समर्थन दिया है।
आफताब अहमद ने सांसद, विधायक, मेयर और नगर निगम प्रशासन से अपील की है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए करीब 125 मीटर लंबे मार्ग का पक्का निर्माण जल्द कराया जाए। स्थानीय लोगों की प्रमुख मांग कब्रिस्तान तक सुरक्षित और स्थायी सड़क उपलब्ध कराने की है।


