तिरंगे की शान में गूंजा पूरा स्टेडियम, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने दिलाया विकास का संकल्प






लोहरदगा : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बलदेव साहू स्टेडियम में भव्य समारोह आयोजित किया गया। राज्य की कृषि एवं पशुपालन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के दौरान पूरा स्टेडियम देशभक्ति के माहौल में डूब गया। ध्वजारोहण के बाद मंत्री ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को याद कर उन्हें नमन किया।


मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की वजह से आज देश स्वतंत्र है और उनके आदर्शों व सपनों को साकार करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण विकास, कृषि, पशुपालन, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित कई क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।समारोह में उपायुक्त संदीप कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, डीडीसी राजमहेश्वम, एसडीओ अमीत कुमार सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पुलिसकर्मी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल हुए। जिले के अन्य हिस्सों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह का माहौल रहा।


