झारखंड का पहला UNESCO ASPnet स्कूल बना KPS कदमा, वैश्विक शिक्षा में रचा इतिहास



जमशेदपुर :केरला पब्लिक स्कूल कदमा ने झारखंड का पहला यूनेस्को संबद्ध स्कूल नेटवर्क (ASPnet) सदस्य बनकर शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह वैश्विक नेटवर्क शांति, सतत विकास, वैश्विक नागरिकता और अंतर-सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने के लिए काम करता है। इस उपलब्धि में विद्यालय के निदेशक शरत चंद्रन नायर, एसोसिएट निदेशक शांता वैद्यनाथन, अकादमिक निदेशक लक्ष्मी आर, विद्यालय प्रबंधन समिति के मनमोहन सिंह, प्रमुख QBE राघवन सोमनाथ, प्राचार्या शर्मिला मुखर्जी और प्रधानाध्यापिका अलमेलु रविशंकर सहित विद्यालय परिवार की अहम भूमिका रही।

विद्यालय की यह उपलब्धि वर्ष 2023 से शुरू हुई तीन वर्षीय अंतरराष्ट्रीय यात्रा का परिणाम है। वर्ष 2024 में विद्यार्थियों ने तुर्की, अर्जेंटीना, ताइवान, ऑस्ट्रेलिया, जापान, थाईलैंड, ब्रिटेन और अमेरिका के छात्रों से संवाद किया। साथ ही इंडोनेशिया, मिस्र और ग्रीस के विद्यार्थियों के साथ स्थिरता और पुनर्योजी अर्थव्यवस्था पर चर्चा की। वर्ष 2025 में ‘क्राई फॉर आइस एक्ट नाउ!’ और ‘क्लासरूम्स टू क्लाइमेट एक्शन क्रूसेडर्स’ जैसी पहलों के जरिए छात्रों को जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय समाधान से जोड़ा गया। वैज्ञानिकों, पर्यावरण विशेषज्ञों और अन्य विशेषज्ञों के साथ बातचीत ने विद्यार्थियों को जागरूकता से आगे बढ़कर समाधान और कार्रवाई की दिशा में प्रेरित किया। 6 मार्च 2026 को विद्यालय को यूनेस्को, पेरिस की ओर से आधिकारिक ASPnet सदस्यता प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। इसके बाद स्कूल ने सुनामी यूनाइटेड 2026, छात्र-नेतृत्व वाली अंतरराष्ट्रीय पॉडकास्ट श्रृंखला और विश्वस्तरीय वैज्ञानिकों के साथ संवाद जैसी पहलें जारी रखीं। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को वैश्विक विशेषज्ञों और सहपाठियों से जोड़कर उनकी जिज्ञासा, संचार कौशल, आलोचनात्मक सोच, सांस्कृतिक संवेदनशीलता और आत्मविश्वास को विकसित करना है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों को जिम्मेदार, जागरूक और सक्रिय वैश्विक नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


