सड़क बनी तालाब, रोज हादसों से ग्रामीणों में आक्रोश; अब वोट बहिष्कार की चेतावनी



खूंटी : कर्रा प्रखंड में कुलहुटू से हाकाजांग होते हुए नगड़ी बाजार जाने वाली मुख्य सड़क बदहाल होकर तालाब जैसी स्थिति में पहुंच गई है। जगह-जगह बड़े गड्ढे और पत्थर के बोल्डर उभर आए हैं। बारिश का पानी भरने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और आए दिन राहगीर व वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार मुखिया, पंचायत सचिव, बीडीओ, वर्तमान विधायक, पूर्व विधायक और सांसद को कई बार मौखिक जानकारी दी गई है। कुछ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को लिखित आवेदन भी दिया गया, लेकिन अब तक मरम्मत की ठोस पहल नहीं हुई है।


ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क की हालत खराब है और इस दौरान तीन-चार जिला उपायुक्तों का कार्यकाल भी गुजर चुका है। यह मार्ग आसपास के कई गांवों को रांची-धुर्वा मुख्य मार्ग और नगड़ी बाजार से जोड़ता है, इसलिए स्कूली बच्चों, किसानों और रोजाना आने-जाने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। हाकाजांग में मंडा मेला के दौरान विधायक राम सूर्या मुंडा और करीब एक माह पहले पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा को भी समस्या बताई गई थी। समाजसेवी राज कुमार महतो ने बताया कि ग्रामीणों ने पहले आपसी सहयोग से सड़क की मरम्मत कराई थी, लेकिन भारी वाहनों के कारण मोरम-मिट्टी टिक नहीं पाती। ग्रामीण पूरन महतो के अनुसार गड्ढों में गिरकर लोग रोज घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो सभी जनप्रतिनिधियों के खिलाफ वोट बहिष्कार का फैसला लिया जा सकता है।


