लाठीचार्ज से भड़के छात्रों का बड़ा ऐलान, राहुल गांधी के आने तक जारी रहेगा आंदोलन



रांची :विधानसभा घेराव के बाद छात्रों का आंदोलन जारी है। सोमवार देर शाम विद्यार्थी जयपाल सिंह स्टेडियम स्थित अनशन स्थल पर पहुंचे और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान छात्राओं पर लाठीचार्ज किया गया और पुरुष पुलिसकर्मियों ने उन्हें घसीटकर पीटा। विद्यार्थियों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं ले रही है।


आंदोलनरत छात्रों ने ऐलान किया कि जब तक राहुल गांधी झारखंड नहीं आते, उनका आंदोलन जारी रहेगा। राहुल गांधी को झारखंड बुलाने के लिए एक्स पर अभियान चलाने की भी बात कही गई है। अनशन स्थल पर पहुंचे विद्यार्थियों के लिए चैती दुर्गापूजा मंदिर के पदाधिकारियों ने खिचड़ी की व्यवस्था की। इससे पहले सोमवार सुबह छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से तिरंगा लेकर पुराने विधानसभा भवन की ओर मार्च करने निकले थे। कई छात्र ऑटो और ई-रिक्शा से भी विधानसभा पहुंचे। जेएलकेएम विधायक जयराम महतो धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए, लेकिन छात्रों ने उन्हें मंच से भाषण देने से रोक दिया।


