मां को अमेरिका ले जाना चाहता था बेटा, रिश्तों की मार्मिक कहानी बनी ‘प्रायश्चित्त’



भागलपुर : स्वतंत्र फिल्मकार सुप्रियो मुखर्जी के निर्देशन में बनी बांग्ला लघु फिल्म ‘प्रायश्चित्त’ का चयन प्रतिष्ठित जमशेदपुर शॉट्स फिल्म फेस्टिवल के लिए हुआ है। फिल्म पारिवारिक रिश्तों, करुणा और सामाजिक मूल्यों को केंद्र में रखती है। सीमित संसाधनों और बिना किसी बड़े निवेशक के सुप्रियो ने अपनी टीम के सहयोग से इसका निर्माण किया है। फिल्म की हिंदी डबिंग भी शुरू कर दी गई है और इसे जल्द OTT प्लेटफॉर्म्स व यूट्यूब पर उपलब्ध कराया जाएगा।


फिल्म की कहानी अमेरिका में रहने वाले NRI युवक अनुपम और उसकी विधवा मां के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है। अनुपम अपनी मां को अमेरिका ले जाना चाहता है, लेकिन मां समाज के प्रति अपने नैतिक और सामाजिक दायित्वों को छोड़ने से इनकार कर देती है। इसके बाद होने वाली घटनाएं अनुपम को यह समझाती हैं कि जीवन की वास्तविक समृद्धि केवल सुख-सुविधाओं में नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय रिश्तों में है। फिल्म की कहानी व पटकथा शांतिरंजन चक्रवर्ती ने लिखी है, जबकि सिनेमैटोग्राफी और एडिटिंग नील रॉय ने की है। इसमें विश्वरूप नाग और लोपामुद्रा सिंह देब मुख्य भूमिकाओं में हैं। महत्वपूर्ण भूमिकाओं में शांतिरंजन चक्रवर्ती, संजीब पात्रा, शंभू बनर्जी, सोमा बोस और श्यामली चक्रवर्ती हैं। बाल कलाकारों में रानी मंडल, हृषाण सेनगुप्ता और सम्राट मैत्रा शामिल हैं। फिल्म के प्रमुख दृश्य जमशेदपुर, कोलकाता और नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, कोलकाता में फिल्माए गए हैं।


