मिड डे मील व्यवस्था में बड़ा बदलाव, अब स्कूल नहीं, दुकानदारों को मिलेगा सीधा भुगतान



रांची : झारखंड में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना के तहत राशि वितरण की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। अब योजना की राशि स्कूलों या सरस्वती वाहिनी संचालन समिति के बैंक खाते में नहीं भेजी जाएगी। नई व्यवस्था के तहत स्कूल पहले आवश्यक खाद्य सामग्री खरीदेंगे, फिर उसका वाउचर कुबेर पोर्टल पर अपलोड करेंगे। इसके बाद संबंधित दुकानदार के खाते में सीधे भुगतान किया जाएगा। इस संबंध में झारखंड राज्य मध्याह्न भोजन प्राधिकरण जल्द दिशा-निर्देश जारी करेगा।


करीब चार महीने से स्कूलों को कुकिंग कॉस्ट की राशि नहीं मिली है, जिससे एमडीएम संचालन प्रभावित हो रहा है। कई स्कूल उधार पर खाद्य सामग्री लेकर बच्चों को भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अब तक राशि आवंटित नहीं हुई है, हालांकि माह के अंत तक आवंटन होने की संभावना जताई गई है। शिक्षक संगठनों ने चेतावनी दी है कि जल्द राशि नहीं मिलने पर कई स्कूलों में मिड डे मील योजना बंद होने की स्थिति पैदा हो सकती है।


