5 घंटे तक राइस मिल में तांडव, 22 हथियारबंद बदमाशों ने मचाया बवाल



रांची : ओरमांझी के तापे गांव स्थित एक राइस मिल और कोल्ड ड्रिंक गोदाम में 10 जुलाई की रात 20 से 22 हथियारबंद बदमाश दो वैन से पहुंचे और करीब पांच घंटे तक उत्पात मचाया। अपराधियों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की तथा लॉकर से 3.35 लाख रुपये नकद लूट लिए। इसके अलावा परिसर में लगे ट्रांसफार्मर को तोड़कर कॉपर वायर और गोदाम में रखी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें भी अपने साथ ले गए।


घटना के संबंध में 12 जुलाई को आदित्य सिंह के बयान पर ओरमांझी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ितों का आरोप है कि अपराधी रात करीब 11 बजे से सुबह 4 बजे तक परिसर में मौजूद रहे और जाते समय मालिक के अपहरण की धमकी भी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि थाना प्रभारी ने पूछताछ के दौरान दुर्व्यवहार के आरोपों से इनकार किया है।


